ताजपुर बाजार में पंचायती के दौरान खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर से मारपीट में तीन घायल
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी थाना क्षेत्र के ताजपुर बाजार में मंगलवार की सुबह अंडा की दुकान लगाने को लेकर चल रही पंचायती के दौरान दो पड़ोसी आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे एवं ईंट-पत्थर चलने लगे। इस मारपीट की घटना में कुल तीन लोग घायल हो गए, जिससे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीण सूत्रों के अनुसार पंचायती के दौरान एक पक्ष के देव कुमार साह तथा दूसरे पक्ष के भूपेन्द्र साह के बीच कहासुनी के बाद झड़प शुरू हुई। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे संजीव मांझी भी मारपीट की चपेट में आकर जख्मी हो गए। मारपीट में देव कुमार साह गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें माँझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य दोनों घायलों का इलाज माँझी सीएचसी में किया गया।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने माँझी थाना में अलग-अलग आवेदन देकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और आवेदन के आधार पर अग्रेतर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद ताजपुर बाजार में कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि स्थिति अब नियंत्रण में बताई जा रही है।

