इस मध्य विद्यालय में 9 फरवरी से बंद है मिड डे मील, पूर्व प्रधानाध्यापक पर अनियमितता लगा का आरोप
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के कचनार पंचायत स्थित उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय में गत 9 फरवरी से मिड डे मील योजना बंद है, जिससे विद्यालय के 172 छात्र-छात्राओं पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। विद्यालय में कुल 8 शिक्षक प्रतिनियुक्त हैं, लेकिन वित्तीय प्रभार के अभाव में मध्याह्न भोजन नहीं बन पा रहा है। इस स्थिति को लेकर बच्चों ने विद्यालय परिसर में मिड डे मील पुनः शुरू कराने की मांग उठाई है।
बताया जाता है कि विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक तारकेश्वर पांडेय का स्थानांतरण सारण जिले के सदर प्रखंड स्थित नैनी के उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय में हो चुका है और वे 16 जनवरी को वहां योगदान भी कर चुके हैं। इसके बावजूद आरोप है कि उन्होंने 16 जनवरी से 30 जनवरी तक कचनार विद्यालय के उपस्थिति पंजी में अपनी हाजिरी दर्ज की। इतना ही नहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 के विद्यालय मद की राशि का भी उठाव कर लिया गया, जबकि रंग-रोगन एवं अन्य विकास कार्य नहीं कराए गए।
नए प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय कुमार तिवारी को केवल शैक्षणिक प्रभार दिया गया है, वित्तीय प्रभार अब तक हस्तांतरित नहीं किया गया है। शिक्षकों के अनुसार मिड डे मील के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध है, किंतु वह कमरे में बंद है और भुगतान एवं प्रबंधन संबंधी अधिकार स्पष्ट नहीं होने के कारण भोजन निर्माण कार्य ठप है। बच्चों ने यह भी बताया कि समीपवर्ती विद्यालय के छात्र शैक्षणिक परिभ्रमण पर जा रहे हैं, जबकि उन्हें इस सुविधा से वंचित रखा जा रहा है।
प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय कुमार तिवारी ने बताया कि इस संबंध में बीआरसी को लिखित आवेदन देकर स्थिति से अवगत करा दिया गया है, किंतु अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कुमार अभिषेक से मोबाइल पर संपर्क नहीं हो सका। इस बाबत सिसवन प्रखंड के बीडीओ राजेश कुमार ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

