माँझी में बीच सड़क मिला जहरीला रसल वाइपर, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी वन विभाग नर्सरी एवं जलाल बाबा मजार के समीप गुरुवार को बीच सड़क पर जहरीला रसल वाइपर सांप मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अचानक सड़क पर पड़े सांप को देख राहगीर और आसपास के लोग घबरा गए। लोगों की आहट पाकर सांप झाड़ियों की ओर सरकने लगा और छिपने का प्रयास करने लगा, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वनकर्मी धनंजय कुमार यादव घटनास्थल पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। लगभग 11:30 बजे विशेष उपकरणों की मदद से सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया। वनकर्मी ने बताया कि रसल वाइपर अत्यंत विषैला सांप होता है और इसके काटने से गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है, इसलिए आम लोगों को ऐसे सांपों से दूरी बनाए रखनी चाहिए तथा स्वयं पकड़ने का प्रयास नहीं करना चाहिए।
रेस्क्यू के उपरांत सांप को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ा जाएगा। सांप के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की तत्परता की सराहना की।
👇👻

