गोबरही शिव शक्ति धाम में श्री हनुमत महायज्ञ, कथा वाचिका अनुराधा तिवारी के प्रवचन से श्रद्धालु भावविभोर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के गोबरही पंचायत स्थित गोबरही शिव शक्ति धाम मंदिर परिसर में आयोजित श्री हनुमत महायज्ञ के अवसर पर आध्यात्मिक माहौल चरम पर है। अयोध्या से पधारी कथा वाचिका पूज्या देवी अनुराधा तिवारी एवं साध्वी देवी के प्रवचन को सुनने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। कथा पंडाल में उमड़ी भीड़ से पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।
अपने प्रवचन में पूज्या देवी अनुराधा तिवारी ने मनुष्य जीवन के विभिन्न आयामों का विस्तार से वर्णन करते हुए जीवन की नश्वरता और पारिवारिक संबंधों की वास्तविकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मनुष्य की मृत्यु के समय पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो जाता है, किंतु वह श्मशान घाट तक साथ नहीं जाती, जबकि पुत्र ही अंतिम संस्कार तक साथ निभाता है। उनके इस भावपूर्ण संदेश ने श्रोताओं को जीवन के सत्य से रूबरू कराया। प्रवचन के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर ध्यानपूर्वक कथा का श्रवण करते रहे।
यज्ञ मंडप की परिक्रमा के लिए भी हजारों श्रद्धालु दूर-दूर से पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार 15 फरवरी को महायज्ञ की पूर्णाहुति होगी, जिसके उपरांत विशाल भंडारा का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त रेल विभाग के जीएम हरेन्द्र राव, विजय सिंह, सुनील सिंह, पूर्व पैक्स अध्यक्ष राम नारायण सिंह सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

