बिहार: 'बच्चा चोर' के अफवाह में महिला से मारपीट, 2 गिरफ्तार व 2 किशोर निरुद्ध व 2 किशोर निरुद्ध
सारण (बिहार): वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पानापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़वा में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ “बच्चा चोर” होने की अफवाह फैलाकर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पकड़कर लाठी-डंडे से मारपीट किए जाने की घटना प्रकाश में आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को गंभीरता से लिया।
इस संबंध में पानापुर थाना कांड संख्या 51/26, दिनांक 16.02.2026 दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई प्रारंभ की गई है। पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है तथा दो विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है। अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विकास कुमार, पिता वकील राम, निवासी तुर्की, थाना पानापुर, जिला सारण तथा सोनु कुमार, पिता कामेश्वर सिंह, निवासी तुर्की, थाना पानापुर, जिला सारण शामिल हैं। कार्रवाई में पानापुर थाना के थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा निकटतम थाना को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

