कृषि विज्ञान केन्द्र माँझी में ‘भारत विस्तार’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, किसानों को मिली डिजिटल सशक्तिकरण की जानकारी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: कृषि विज्ञान केन्द्र माँझी, सारण में 17 फरवरी 2026 को ‘भारत विस्तार’ कार्यक्रम के शुभारंभ का लाइव टेलीकास्ट किसानों को दिखाया गया। यह कार्यक्रम माननीय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी एवं राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की गरिमामयी उपस्थिति में प्रारंभ किया गया, जिसका सीधा प्रसारण माँझी स्थित केन्द्र परिसर में उपस्थित किसानों को दिखाया गया।
कृषि विज्ञान केन्द्र माँझी के उद्यान विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र चंदोला ने बताया कि ‘भारत विस्तार’ किसानों के लिए एक एकीकृत, एआई आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो उन्हें उनकी अपनी भाषा में मोबाइल एप या साधारण फोन कॉल के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी, मौसम अपडेट, मंडी भाव तथा फसल प्रबंधन संबंधी सलाह उपलब्ध कराएगा। उन्होंने इसे तकनीक के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण युवक एवं युवतियों के लिए “फलों के मूल्य संवर्धन” विषय पर पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया। डॉ. चंदोला ने प्राकृतिक खेती, सीड हब योजना तथा गरमा मौसम में उगाई जाने वाली उद्यानिकी फसलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कृषि अभियंत्रण विशेषज्ञ डॉ. सुषमा टम्टा ने ज़ीरो टिलेज, पोटैटो प्लांटर, लेज़र लैंड लेवलर, मल्टीक्रॉप प्लांटर एवं हैप्पी सीडर जैसी आधुनिक कृषि मशीनों की उपयोगिता समझाई, जबकि डॉ. विजय कुमार ने मिट्टी जांच के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में सारण जिले के लगभग 100 किसानों ने भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में कृषि विज्ञान केन्द्र माँझी, सारण के अमितेश कुमार गौरव, मनोज कुमार, राकेश कुमार, उमाशंकर कुमार, अवनीश पांडेय एवं संतोष कुमार की सक्रिय भूमिका रही।

