भगवानपुर हाट में दर्दनाक सड़क हादसा, विद्यालय से लौट रहीं शिक्षिका अफसरी खातून की मौत
सिवान (बिहार): भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में महिला शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार विद्यालय अवधि समापन के बाद स्कूटी से घर लौट रही शिक्षिका अफसरी खातून हादसे का शिकार हो गईं। वह मध्य विद्यालय सहाजितपुर में तालिमी मरकज के अंतर्गत पदस्थापित थीं और प्रतिदिन की तरह स्कूल से अपने घर जा रही थीं।
मृतका की पहचान अफसरी खातून, पति अख्तर हुसैन के रूप में हुई है। उनका पैतृक घर सहजितपुर बताया जा रहा है, जबकि ससुराल नगौली में है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग जुट गए और पुलिस को जानकारी दी गई।
घटना की जानकारी मिलने पर भगवानपुर हाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक घटना से विद्यालय परिवार, सहकर्मियों और परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है।

