सारण: ज्वेलरी लूटकांड का खुलासा, हथियार के साथ दो गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी थाना पुलिस ने गुरुवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर ज्ञानी छपरा के पश्चिम बगीचे में छापेमारी कर अपराध की योजना बना रहे दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिवान जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ गांव निवासी रजनीश पांडेय (पिता- बागेश्वर नाथ पांडेय) और प्रियांशु कुमार (पिता- जितेंद्र प्रसाद) के रूप में हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस टीम महम्मदपुर बाजार में गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि ज्ञानी छपरा के पश्चिम बगीचे में एक कार खड़ी कर कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस दल मौके पर पहुंचा तो देखा कि एक कार के समीप करीब पांच लोग गोलबंदी कर खड़े हैं। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे। पीछा कर दो को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन फरार हो गए।
हथियार और कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद हुआ, जबकि दूसरे के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल मिले। साथ ही जब्त आल्टो कार से एक एप्पल कंपनी का मोबाइल भी बरामद किया गया।
गुप्ता ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा
पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने 8 तारीख को महम्मदपुर स्थित गुप्ता ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई चांदी की लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि फरार तीन आरोपियों और एक अन्य साथी के साथ मिलकर हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। उनकी निशानदेही पर लूटी गई चांदी के गहने भी बरामद कर लिए गए हैं। बरामद आभूषणों की पहचान दुकान मालिक ब्रिज बिहारी लाल गुप्ता ने की है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार के लिखित बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष के अलावा पुअनि रश्मि कुमारी और जिला शस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना क्षेत्र के साथ-साथ सिवान और गोपालगंज के सीमावर्ती इलाकों में लगातार दबिश दे रही है।

