ईंट भट्ठे के प्रदूषण की शिकायत पड़ी भारी, चिकित्सक पर चली गोली
मुझ पर गोलीबारी की घटना पूर्व नियोजित: संजीव कुमार सिंह
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बीते 10 फरवरी की रात दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा गांव निवासी एवं पेशे से पशु चिकित्सक संजीव कुमार सिंह को गोली मारने की घटना पूर्व नियोजित थी। छपरा में इलाज कराकर घर लौटने के बाद चिकित्सक ने पत्रकारों से बातचीत में यह दावा किया।
उन्होंने पूर्व मुखिया सीमा देवी द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन को पूरी तरह झूठा करार देते हुए कहा कि घटना की रात नामजद आरोपियों ने उनकी हत्या का भरसक प्रयास किया था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने सारण रेंज के डीआईजी तथा छपरा के एसएसपी को भी लिखित आवेदन देकर पूरी घटना से अवगत कराया है।
चिकित्सक ने कहा कि मामले में नामजद छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों से उनके पूरे परिवार की जान-माल को खतरा बना हुआ है।
संजीव कुमार सिंह ने बताया कि उनके घर के समीप संचालित डीआरएम ईंट उद्योग से प्रतिदिन निकलने वाली धूल और धुएं से उनके परिवार सहित आसपास के लोग काफी परेशान हैं। घर से सटे सरकारी विद्यालय के छात्र-छात्राएं और शिक्षक भी इस प्रदूषण से प्रभावित हो रहे हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि धूल और धुएं की समस्या को लेकर उन्होंने सारण के जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को लिखित शिकायत दी थी। इसी से नाराज होकर आरोपियों ने उनकी जान लेने की साजिश रची।
आवेदन के माध्यम से उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले में निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।

