माँझी–ताजपुर मार्ग पर पेड़ से टकराई बाइक, बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: सारण जिले के माँझी–ताजपुर मुख्य मार्ग पर रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार डुमरी गांव के समीप ताजपुर से माँझी की ओर आ रही स्प्लेंडर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बबूल के पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना रात लगभग ग्यारह बजे हुई, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही माँझी थाना की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, जिसके बाद पुलिस ने शव को सोमवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया।
इधर सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की पहचान माँझी थाना क्षेत्र के भभौली गांव निवासी अशोक बीन के रूप में हुई। बताया जाता है कि अशोक बीन छपरा शहर में राजमिस्त्री का काम करता था और रविवार की रात काम से लौटते समय यह हादसा हो गया। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र और दो पुत्री हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार या संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है।

