नवनिर्मित शिव मंदिर हेतु निकली भव्य कलश यात्रा, क्षेत्र में धार्मिक उत्साह
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी प्रखंड के मटियार पंचायत अंतर्गत भट्ठा गांव में सोमवार को पांच दिवसीय श्री शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा एवं नवनिर्मित शिव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सुबह से ही सैकड़ों महिला-पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग नवनिर्मित मंदिर परिसर में एकत्र हुए और माथे पर कलश धारण कर यात्रा में शामिल हुए।
कलश यात्रा में हाथी, घोड़े, ढोल-बाजे और आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। यात्रा भट्ठा गांव से प्रारंभ होकर महम्मदपुर, बघौना, गोड़ा और धुसहा गांवों से गुजरते हुए जईछपरा नदी तट तक पहुंची। नदी तट पर आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने विधिवत कलशों में जल भरा।
जल भरने के पश्चात यात्रा पुनः शिव मंदिर के यज्ञ मंडप पहुंची। इस दौरान ‘जय भोलेनाथ’, ‘हर-हर महादेव’, ‘जय श्री राम’ और ‘बजरंग बली की जय’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। महायज्ञ समिति के सदस्य जितेंद्र यादव ने बताया कि 23 फरवरी से 27 फरवरी तक आयोजित होने वाले महायज्ञ को लेकर क्षेत्र में अपार धार्मिक उत्साह है। कलश यात्रा से पूर्व मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा हजारों श्रद्धालु गेरुआ वस्त्र धारण कर इसमें शामिल हुए।
कलश यात्रा के दौरान महम्मदपुर पश्चिम पट्टी चौक पर प्रिंस क्लब के सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए जल एवं फल वितरण की व्यवस्था की गई थी। इस सेवा कार्य में रामबाबू पांडेय, रजनीश सिंह, रविरंजन पांडेय, शामू ओझा, धनंजय पांडेय एवं विवेक मांझी सक्रिय रूप से सहयोग करते नजर आए।

