मांझी प्रखंड मुख्यालय पर सुधा डेयरी बूथ का शुभारंभ
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड मुख्यालय परिसर में मंगलवार को सुधा डेयरी के नए बूथ का विधिवत शुभारंभ किया गया। अंचलाधिकारी (सीओ) सौरभ अभिषेक ने फीता काटकर बूथ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित संक्षिप्त समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पटना से आए सुधा प्रोडक्ट के मार्केटिंग प्रबंधक संजय कुमार तथा बूथ संचालक मंटू कुमार ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि नए बूथ के शुरू होने से क्षेत्रीय उपभोक्ताओं को अब सुबह छह बजे से रात दस बजे तक सुधा के दूध एवं अन्य दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण डेयरी उत्पादों की आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
उद्घाटन समारोह में मांझी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद प्रतिनिधि बिट्टू राय, जिला पार्षद प्रतिनिधि ई. कमलेश यादव, पैक्स अध्यक्ष गुड्डू सिंह, बीडीसी सदस्य प्यारे अंगद, उप मुखिया राजेश चौधरी तथा हरि निवास गोस्वामी सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के लिए सकारात्मक पहल बताते हुए आम उपभोक्ताओं से स्थानीय बूथ का लाभ उठाने की अपील की।

