बच्चा चोरी के शक में युवक की पिटाई, पुलिस ने हिरासत में लिया
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के महम्मदपुर गांव में मंगलवार की रात बच्चा चोरी के संदेह में एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। आक्रोशित भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार देर रात उक्त व्यक्ति गांव में अकेले घूमता दिखाई दिया। इस दौरान बच्चे के परिजनों एवं मोहल्ले के लोगों को उस पर संदेह हुआ। लोगों ने तत्काल उसे पकड़ लिया। बताया जाता है कि कुछ दिन पूर्व इसी व्यक्ति से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उसे खंभे से बांधकर कुछ लोग पूछताछ करते दिख रहे थे। वीडियो पर ‘सिसवन में पकड़ा गया बच्चा चोर’ लिखा था। इसी आधार पर ग्रामीणों का संदेह और गहरा गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर महम्मदपुर पुलिस चौकी प्रभारी रामजी यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और संदिग्ध को हिरासत में लेकर थाने ले गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा कानून को अपने हाथ में न लें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

