मैट्रिक परीक्षा के बीच माँझी में BRC कार्यालय अस्थायी रूप से स्थानांतरित, सुधर छपरा प्राथमिक विद्यालय से होगा संचालन
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड में संचालित मैट्रिक परीक्षा को देखते हुए प्रशासन ने अस्थायी व्यवस्था लागू की है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) के निर्देश पर प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC) कार्यालय को फिलहाल दलन सिंह उत्क्रमित उच्च विद्यालय परिसर से स्थानांतरित कर प्राथमिक विद्यालय, सुधर छपरा में संचालित किया जा रहा है। विद्यालय परिसर में परीक्षा केंद्र संचालित होने के कारण शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों में व्यवधान से बचने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
जारी निर्देश के अनुसार माँझी प्रखंड के सभी प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को सूचित किया गया है कि बीआरसी से संबंधित किसी भी आवश्यक कार्य के लिए वे सीधे प्राथमिक विद्यालय, सुधर छपरा में संपर्क करें। यह वैकल्पिक व्यवस्था मैट्रिक परीक्षा अवधि तक प्रभावी रहेगी। इस संबंध में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा, छपरा (सारण) को भी औपचारिक सूचना प्रेषित कर दी गई है। प्रशासनिक स्तर पर यह कदम परीक्षा की सुचारु एवं शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

