माँझी इंटर कॉलेज में मैट्रिक परीक्षा के दौरान छात्र बेहोश, समय रहते अस्पताल में भर्ती
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी इंटर कॉलेज में मैट्रिक परीक्षा की द्वितीय पाली के दौरान मंगलवार की शाम एक छात्र अचानक परीक्षा हॉल में बेहोश होकर गिर पड़ा, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। ड्यूटी पर तैनात प्रधानाध्यापक रइसुल इहरार खान ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एम्बुलेंस बुलवाकर छात्र को माँझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बेहोश छात्र की पहचान एकमा थाना क्षेत्र के बलिया कोठी गांव निवासी बली बैठा के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद छात्र की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर कमजोरी अथवा मानसिक तनाव को कारण माना जा रहा है, हालांकि चिकित्सकीय जांच जारी है।
घटना के बाद परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को और सतर्क कर दिया गया तथा परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।

