खुशियाँ बाँटें मिशन के तहत ढाकेला वासा विद्यालय के बच्चों में बंटी सर्दी की खुशियाँ
सरूपगंज (राजस्थान) संवाददाता वीरेश सिंह: सरूपगंज क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढाकेला वासा में श्री गणेश युवा सेवा संगठन की ओर से ‘खुशियाँ बाँटें मिशन’ के तहत स्वेटर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत अब तक पांच विद्यालयों के विद्यार्थियों को स्वेटर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के 30 विद्यार्थियों को स्वेटर और बिस्किट वितरित किए गए, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती दिखी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक प्रशासनिक अधिकारी दीपक परिहार, वरिष्ठ सहायक महावीर सिंह एवं रेवाशंकर डाबी रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानाध्यापक वेदराज मीणा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक स्थिति पर प्रकाश डाला और श्री गणेश युवा सेवा संगठन के सामाजिक कार्यों की सराहना की। इसके बाद संगठन सदस्य रणजीत जीनगर ने ‘खुशियाँ बाँटें मिशन’ के उद्देश्य और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
स्वेटर वितरण के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। सर्दी के मौसम में गर्म कपड़े पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम के अंत में रणजीत जीनगर ने अतिथियों, विद्यालय परिवार और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मौके पर छोगाराम, सवाराम, नेनाराम, रमेश कुमार, आकाश कुमार, विद्यालय स्टाफ अर्जुन कुमार, प्रकाश कुमार सहित संगठन सदस्य जितेंद्र बासफोड, दीपक कलावत, आकाश, महेंद्र चौधरी, प्रिंस एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

