हर घर जल से बदली मानेगांव की तक़दीर, जल जीवन मिशन ने रची ग्रामीण खुशहाली की नई इबारत
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम मानेगांव में जल जीवन मिशन के तहत लागू नल–जल योजना ने ग्रामीण जीवन की तस्वीर ही बदल दी है। कभी पानी के लिए लंबी दूरी और घंटों की मशक्कत झेलने वाला यह गांव अब स्वच्छ पेयजल की सुविधा से आत्मनिर्भर बन गया है। हर घर तक नल से जल पहुंचने के बाद गांव में न केवल सुविधा बढ़ी है, बल्कि खुशहाली और सुकून भी लौटा है।
नल–जल योजना के सफल क्रियान्वयन से ग्राम मानेगांव के प्रत्येक परिवार को सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल मिलने लगा है। इससे महिलाओं को पानी भरने की दैनिक कठिनाइयों से राहत मिली है और उनका समय अब परिवार व बच्चों की देखभाल में लग रहा है। स्वच्छ जल उपलब्ध होने से बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार आया है, बीमारियों में कमी दर्ज की गई है और शिक्षा पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।
ग्राम की पूजा यादव बताती हैं कि पहले पानी के लिए दूर-दराज के स्रोतों तक जाना पड़ता था, जिससे समय और ऊर्जा दोनों नष्ट होते थे। अब घर में ही नल से पानी मिलने से रोजमर्रा के काम आसान हो गए हैं और जीवन में एक नया सुकून आया है। जल जीवन मिशन ने सरकार के “हर घर जल” संकल्प को मानेगांव में धरातल पर उतार दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह योजना केवल पानी की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गांव के समग्र विकास की मजबूत नींव बन चुकी है। स्वच्छता, स्वास्थ्य और जीवन स्तर में आए बदलाव से मानेगांव अब अन्य गांवों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहा है। इस जनकल्याणकारी योजना के लिए पूजा यादव सहित अन्य ग्रामवासियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण भारत की बड़ी उपलब्धि बताया।
।

