‘नर्मदा अनुभूति’ के जरिए मां नर्मदा से आत्मीय संवाद, घाटों पर स्वच्छता से जागी जनचेतना
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: नरसिंहपुर जिले में मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के तत्वावधान में ‘नर्मदा अनुभूति’ कार्यक्रम के अंतर्गत मां नर्मदा से संवाद और व्यापक स्वच्छता अभियान का भव्य आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न नर्मदा तटवर्ती क्षेत्रों में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य को मां नर्मदा के महत्व से जोड़ते हुए नदी संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करना रहा। घाटों पर पहुंचे नागरिकों ने मां नर्मदा की निर्मलता और अविरलता बनाए रखने का संकल्प लेते हुए सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान नर्मदा घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवकों और नर्मदा सेवियों ने श्रमदान किया। मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थी, नवांकुर संस्थाएं, ग्राम प्रस्फुटन समितियां, स्वैच्छिक संगठन और स्थानीय ग्रामीणजन इस अभियान का हिस्सा बने। नदी से संवाद सत्र के माध्यम से मां नर्मदा के सामाजिक, ऐतिहासिक, पौराणिक, धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, भौगोलिक, आर्थिक और वैज्ञानिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
‘नर्मदा अनुभूति’ कार्यक्रम के अंतर्गत ध्यान और योग सत्रों का आयोजन कर जल, प्रकृति और मानव के आपसी संबंध को रेखांकित किया गया। साथ ही राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पर्यावरण संरक्षण अभियानों और जनसहभागिता आधारित गतिविधियों की जानकारी ग्रामीणजनों को दी गई। सहभागियों को पौधरोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक उपयोग में कमी, स्वच्छता, जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण संतुलन जैसे विषयों पर जागरूक किया गया।
यह आयोजन बरमान घाट, सतधारा, घूरपुर, झांसी घाट, घाट बम्होरी, सांकल घाट, पिठरास सहित जिले के अन्य नर्मदा तटवर्ती क्षेत्रों में किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, नर्मदा परिक्रमावासी, श्रद्धालु और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर मां नर्मदा की विधिवत आरती की गई और सभी ने भावी पीढ़ियों के लिए नदी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

