सारण: आपसी रंजिश को लेकर होटल के बाहर गोलीबारी, दो युवक घायल
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के भगवानबाजार थाना क्षेत्र में 1 फरवरी 2026 की शाम करीब 6:38 बजे होटल के बाहर गोलीबारी की घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अनुसंधान में सामने आया है कि जख्मी पंकज कुमार पाण्डेय और अभियुक्त सोनू सिंह व कालू सिंह के बीच पूर्व से आपसी विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद को लेकर भगवानबाजार थानान्तर्गत पीएनबी एटीएम के पास दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद पंकज कुमार पाण्डेय वहां से होटल चला गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पंकज कुमार पाण्डेय का छोटा भाई अभिषेक कुमार पाण्डेय भगवानबाजार चौक स्थित पीएनबी एटीएम के पास पहुंचा, जहां उसने सोनू सिंह, कालू सिंह और रितिक सिंह के साथ गाली-गलौज की। बाद में जब अभिषेक होटल पहुंचा, तो रितिक सिंह को यह जानकारी हुई कि उसे गाली दी गई है। इसी बात से आक्रोशित होकर रितिक सिंह ने होटल के पास पहुंचकर अभिषेक कुमार पाण्डेय पर गोली चला दी, जिससे वह जख्मी हो गया। मारपीट के दौरान पंकज कुमार पाण्डेय भी घायल हो गया।
घटना में घायल दोनों भाइयों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इस मामले में जख्मी पंकज कुमार पाण्डेय के फर्द बयान के आधार पर भगवानबाजार थाना कांड संख्या 87/26 दर्ज कर विधि-सम्मत अनुसंधान प्रारंभ किया गया है।
पुलिस अनुसंधान में यह भी तथ्य सामने आया है कि अभियुक्त रितिक सिंह और जख्मी पंकज कुमार पाण्डेय दोनों पूर्व में जेल जा चुके हैं तथा इनके विरुद्ध पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया है, जो घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस ने दावा किया है कि शीघ्र ही मामले का उद्भेदन कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सारण पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031036406 पर दें। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

