सारण: अज्ञात नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
सारण (बिहार): हरिहरनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत आनंदपुर भवारी में सोमवार 2 फरवरी 2026 की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अज्ञात नवजात शिशु का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह सूचना प्रातः लगभग 08:00 बजे हरिहरनाथ थाना को मिली, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सोनपुर एवं हरिहरनाथ थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल की। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। नवजात शिशु के शव को विधिवत कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया गया है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि इस घटना से जुड़े सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है। सारण पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस घटना से संबंधित कोई भी जानकारी हो, तो पुलिस को अविलंब सूचित करें।

