बिहार: गोलीकांड का पुलिस ने किया सफल उद्भेदन, तीन अभियुक्त हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर (बिहार): कांटी थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर गांव में हुए गोलीकांड का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल उद्भेदन कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मुजफ्फरपुर की ओर से 2 फरवरी 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति (संख्या-25) के अनुसार यह घटना 1 फरवरी 2026 को ग्राम फतेहपुर स्थित एक लीची बगीचे में हुई थी, जहां अज्ञात अभियुक्तों ने बिरेन्द्र राय, पिता रामयश राय, निवासी फतेहपुर, थाना कांटी को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पश्चिमी-01 एवं थानाध्यक्ष कांटी पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की आवश्यक जांच-पड़ताल की। घायल बिरेन्द्र राय को स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से तत्काल इलाज के लिए डेत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
इस घटना के संबंध में पीड़ित के भाई के फर्दब्यान के आधार पर कांटी थाना कांड संख्या 67/26 दर्ज की गई। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण के अनुश्रवण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पश्चिमी-01 के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसमें कांटी थानाध्यक्ष की टीम को भी शामिल किया गया।
गठित टीम ने त्वरित एवं सटीक कार्रवाई करते हुए इस गोलीकांड में संलिप्त तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मो. सैफ (पिता फुन्नु उर्फ आलमगीर), मो. इरशाद (पिता अब्दूल गफुर) तथा मो. कैफ (पिता मो. फुन्नु उर्फ आलमगीर), तीनों निवासी दामोदरपुर, थाना कांटी, जिला मुजफ्फरपुर शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल एवं दो मिसफायर कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में इस गोलीकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है तथा अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

