गोपालगंज: सक्रिय पुलिसिंग का असर, 585 लीटर देशी शराब व हथियार के साथ अभियुक्त गिरफ्तार
गोपालगंज (बिहार): सक्रिय पुलिसिंग अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस को नगर थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गोपालगंज द्वारा 2 फरवरी 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर की गई वाहन जांच के दौरान भारी मात्रा में देशी शराब, हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं, जबकि एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 1 फरवरी 2026 को नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भितभेरवा स्थित शिव मंदिर के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में एक बोलेरो वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बोलेरो वाहन से 585.00 लीटर देशी शराब, एक देशी कट्टा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
मौके से राजन कुमार, पिता स्वर्गीय सचिदानंद शर्मा, निवासी रामनरेशर, थाना नगर, जिला गोपालगंज को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी पुलिस द्वारा जप्त कर लिया गया है।
इस संबंध में नगर थाना में दो अलग-अलग कांड दर्ज किए गए हैं। नगर थाना कांड संख्या 97/26, दिनांक 02.02.2026, धारा 132/109/281 बीएनएस 2023 एवं 30(ए) बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत तथा नगर थाना कांड संख्या 98/26, दिनांक 02.02.2026, धारा 25(1-बी)ए/26 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर अग्रिम विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र की विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और आगे भी अवैध शराब एवं अपराध के विरुद्ध सख्त अभियान जारी रहेगा। बरामद सामग्री में 585.00 लीटर देशी शराब, एक बोलेरो वाहन, एक देशी कट्टा तथा दो जिंदा कारतूस शामिल हैं।

