सिसवन के गुरुकुल शिक्षा निकेतन में गुरुकुल ओलंपियाड का आयोजन, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के माधोपुर स्थित गुरुकुल शिक्षा निकेतन में गुरुकुल ओलंपियाड का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर साइंस, मैथेमेटिक्स और इंग्लिश विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। ओलंपियाड में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली और पूरे विद्यालय परिसर में शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा का माहौल रहा।
विद्यालय के निदेशक अश्विनी कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुकुल ओलंपियाड को दो वर्गों में आयोजित किया गया था। ग्रुप ‘ए’ में कक्षा एक से चार तक के विद्यार्थी शामिल थे, जबकि ग्रुप ‘बी’ में कक्षा पांच से सात तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। मैथेमेटिक्स ओलंपियाड के ग्रुप ‘ए’ में अश्विका कुमारी ने प्रथम, उज्ज्वल राय ने द्वितीय तथा सौम्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, वहीं ग्रुप ‘बी’ में आकाश कुमार प्रथम, राधिका कुमारी द्वितीय और रिशु कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
इंग्लिश ओलंपियाड के ग्रुप ‘ए’ में अंशिका कुमारी ने प्रथम, शालिनी कुमारी ने द्वितीय तथा निखिल कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ग्रुप ‘बी’ में आकाश कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अन्य प्रतिभागियों ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया। साइंस ओलंपियाड के ग्रुप ‘ए’ में अंशिका कुमारी प्रथम, शालिनी कुमारी द्वितीय और निखिल कुमार तृतीय स्थान पर रहे। वहीं ग्रुप ‘बी’ में आकाश कुमार ने प्रथम, राधिका कुमारी ने द्वितीय तथा रिशु कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के ओलंपियाड बच्चों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ-साथ विषयों की गहरी समझ विकसित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों और अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की।

