वायरल वीडियो कांड में सारण पुलिस की सख्त कार्रवाई, दो पुलिसकर्मी निलंबित
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने वायरल वीडियो प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर थाना के दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पुलिस की छवि धूमिल करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 17 फरवरी 2026 को रात्रि 21:45 बजे नगर थाना के सरकारी मोबाइल पर एक वायरल वीडियो प्राप्त हुआ। वीडियो के अवलोकन में पाया गया कि नगर थाना की ERV-01 (112) पर प्रतिनियुक्त महिला सिपाही-722 इंदु कुमारी एक व्यक्ति से कथित रूप से पैसों के लेन-देन संबंधी बातचीत करती हुई प्रतीत हो रही हैं। पूछताछ के दौरान संबंधित महिला सिपाही ने बताया कि उक्त वीडियो लगभग दो माह पूर्व का है। उस समय ड्यूटी पर पु०अ०नि० जगदीश शर्मा एवं चालक सैफ सिपाही उमेश सिंह मौजूद थे। प्रथम दृष्टया यह कृत्य पुलिस की छवि के प्रतिकूल प्रतीत हुआ।
आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पु०अ०नि० जगदीश शर्मा एवं महिला सिपाही-722 इंदु कुमारी, नगर थाना, सारण को सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
सारण पुलिस ने पुनः दोहराया है कि विभागीय अनुशासन के विरुद्ध किसी भी गतिविधि को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
