पटना में ‘नौजवानों की आवाज’ संगठन की घोषणा, युवाओं और किसानों के मुद्दों पर संघर्ष का ऐलान
पटना (बिहार): पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ‘नौजवानों की आवाज’ नामक संगठन की औपचारिक घोषणा की गई। कार्यक्रम में नीतीश कुमार द्विवेदी ने कहा कि देश की असली ताकत नौजवान और किसान हैं, जिनकी भूमिका राष्ट्र निर्माण में निर्णायक है।
महाराजगंज विधानसभा चुनाव के पूर्व प्रत्याशी रहे नीतीश कुमार द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि किसान अपनी कड़ी मेहनत से देश का पेट भरता है, लेकिन उसे आज भी कई तरह की आर्थिक और संरचनात्मक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय, फसल की उचित कीमत और संसाधनों की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर गंभीर पहल की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका संगठन किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगा और समाधान की दिशा में कार्य करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि नौजवान देश का भविष्य हैं और उनके पास ऊर्जा, जोश तथा बदलाव लाने की अपार क्षमता है। यदि युवाओं को सही दिशा और अवसर मिले तो वे देश की प्रगति में ऐतिहासिक योगदान दे सकते हैं। उन्होंने घोषणा की कि ‘नौजवानों की आवाज’ संगठन युवाओं और किसानों की समस्याओं को मंच प्रदान करेगा तथा उनके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगा।
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व जिला पार्षद प्रत्याशी संजय सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में पूरे बिहार में व्यापक यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से गांव-गांव और शहर-शहर जाकर नौजवानों और किसानों की आवाज को बुलंद किया जाएगा। उन्होंने आह्वान किया कि युवा और किसान एकजुट होकर प्रदेश और देश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के उद्देश्यों और आगामी रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा उपस्थित लोगों ने संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

