सारण: स्वर्ण व्यवसायी से दिन दहाड़े लूट, बाजार बंद कर व्यापारियों का विरोध
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा नगर पंचायत क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी से लूट की घटना ने व्यापारियों में गहरी नाराजगी पैदा कर दी है। ताजा अपडेट के अनुसार व्यवसायी सोनू कुमार रसूलपुर में एक व्यवसायी को एक किलो आठ सौ ग्राम सोना बेचने के बाद अपनी दुकान एकमा लौट रहे थे। उनके पास लगभग एक लाख उन्तीस हजार रुपये नकद और चार से पांच किलो के करीब चांदी के आभूषण व कुछ सोना मौजूद था।
जैसे ही वे ओवरब्रिज के समीप पहुंचे, दो मोटरसाइकिल पर सवार छह की संख्या में अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने कट्टा दिखाकर भय उत्पन्न किया और नकदी, चांदी तथा कुछ सोना लूट लिया। अपराधी मोटरसाइकिल की चाबी और मोबाइल फोन भी साथ ले गए और फरार हो गए। घटना के बाद दहशत में आए व्यवसायी अपने घर पारसा गांव भी नहीं जा सके।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना प्रभारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस द्वारा रसूलपुर बाजार से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शीघ्र ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
घटना के विरोध में एकमा के स्वर्ण व्यवसायियों ने लगभग चार से पांच घंटे तक अपनी दुकानें बंद रखीं। व्यापारियों का कहना है कि इससे पहले भी इस प्रकार की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। मौके पर अखिलेश कुमार (अध्यक्ष), सोनू कुमार (सचिव), पंकज कुमार वर्मा, झावर जी, रविन्द्र जी, अशोक जी, कैलास जी वर्मा, कैलाश जी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।

