सारण में SBI एटीएम कटिंग की घटना, डीआईजी व एसएसपी ने किया निरीक्षण, SIT गठित
सारण (बिहार): डेरनी थाना अंतर्गत सुतिहार बाजार स्थित एसबीआई के एटीएम मशीन को अज्ञात चोरों द्वारा काटकर चोरी कर लिए जाने की घटना सामने आई है। घटना की सूचना 18 फरवरी 2026 को अपराह्न लगभग 2:30 बजे के बाद प्राप्त हुई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी), सारण क्षेत्र छपरा, वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), सारण तथा पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वरीय अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को अपराधियों की शीघ्र पहचान एवं गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, तकनीकी अनुसंधान को सुदृढ़ करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। यह टीम तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कांड के उद्भेदन हेतु लगातार छापेमारी कर रही है।
फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर एटीएम परिसर का वैज्ञानिक निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच जारी है।
डेरनी थाना पुलिस द्वारा अज्ञात अभियुक्तों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

