सारण डीएम ने अमनौर व मढ़ौरा में फॉर्मर रजिस्ट्री शिविरों का किया निरीक्षण, आईडी निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
/// जगत दर्शन न्यूज
छपरा, 12 फरवरी 2026:
जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार को अमनौर एवं मढ़ौरा प्रखंडों में आयोजित फॉर्मर रजिस्ट्री निर्माण विशेष शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अमनौर प्रखंड अंतर्गत ढोरलाही अभिमान एवं ढोरलाही कैथल पंचायत सहित विभिन्न पंचायतों में चल रहे शिविरों का जायजा लेते हुए डीएम ने निदेशक डीआरडीए, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी अमनौर सहित सर्वे टीम और कृषि विभाग के कर्मियों को जमाबंदी रैयतों की अद्यतन सूची उनके मोबाइल नंबर के साथ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस सूची के आधार पर अधिक से अधिक किसानों से संपर्क स्थापित कर फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
उन्होंने वार्ड सदस्यों एवं मुखिया के सहयोग से किसानों को शिविर तक लाने तथा अलग-अलग टीम गठित कर डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाने का भी निर्देश दिया।
इसी क्रम में डीएम ने मढ़ौरा प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत मढ़ौरा एवं अन्य पंचायतों में चल रहे शिविरों का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी मढ़ौरा, प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी मढ़ौरा, सर्वे टीम एवं कृषि विभाग के कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
साथ ही सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों के पास विशेष कैंप आयोजित कर अलग टीम गठित की जाए। पीडीएस विक्रेताओं के माध्यम से संबंधित क्षेत्र के किसानों से संपर्क स्थापित कर फॉर्मर रजिस्ट्री निर्माण की संख्या में वृद्धि सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि फॉर्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराया जा सकेगा, इसलिए इस अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जाए।

