राष्ट्रीय महिला दिवस पर KGBV में एनीमिया जांच शिविर, दो हजार से अधिक किशोरियों की स्वास्थ्य जांच
![]() |
| /// जगत दर्शन न्यूज |
छपरा, 12 फरवरी 2026
राष्ट्रीय महिला दिवस-2026 के अवसर पर गड़खा प्रखंड अंतर्गत भैंसमारा गांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) में किशोरियों के लिए विशेष एनीमिया जांच एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत लगभग दो हजार से अधिक छात्राओं एवं महिलाओं की एनीमिया जांच की गई।
जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र (DHEW) सारण की जिला मिशन समन्वयक निभा कुमारी ने कहा कि प्रत्येक बेटी को स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि शरीर में खून की कमी, संतुलित आहार और पोषण की आवश्यकता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है, ऐसे में समय पर स्वास्थ्य जांच और जागरूकता से एनीमिया जैसी समस्या को नियंत्रित किया जा सकता है।
विद्यालय की वार्डन करिश्मा कुमारी ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि छात्राओं की समय-समय पर जांच हो सके और किसी भी बीमारी का प्रारंभिक अवस्था में ही पता लगाया जा सके। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में गड़खा स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम ने रक्त जांच के साथ सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। शिविर के दौरान छात्राओं को आयरन, फोलिक एसिड तथा अन्य आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग की ओर से DGC डॉ. कुमारी मेनका, डीएचईडब्ल्यू के वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ सत्येंद्र कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ सुजाता श्री, चिकित्सक डॉ. विकास कुमार, डॉ. सुजीत कुमार, एएनएम एवं विद्यालय की शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

