सारण डीएम ने बाकरपुर–मानिकपुर भारतमाला परियोजना का किया निरीक्षण, मूल्यांकन व मुआवजा भुगतान में तेजी के निर्देश
![]() |
| /// जगत दर्शन न्यूज |
छपरा, 12 फरवरी 2026
जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव ने गुरुवार को बाकरपुर–मानिकपुर भारतमाला परियोजना के कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
भवन प्रमंडल को इस परियोजना के मार्ग रेखन (एलाइनमेंट) में आ रही 30 संरचनाओं का मूल्यांकन करने हेतु जुलाई 2025 में निर्देश दिया गया था। अब तक मूल्यांकन प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किए जाने पर डीएम ने स्पष्टीकरण पूछने तथा एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया।
गोविन्दचक मौजा में शेष 204 हितबद्ध रैयतों के भू-अर्जन से संबंधित मुआवजा भुगतान को लेकर डीएम ने निर्देश दिया कि कल से लगातार कैंप लगाकर प्लॉटवार मापी कराई जाए और ऑफलाइन एलपीसी निर्गत की जाए। साथ ही National Highways Authority of India (NHAI) के अमीन, भू-अर्जन अमीन एवं अंचल अमीन को संयुक्त रूप से डोर-टू-डोर जाकर रैयतों को नोटिस तामिला कराने तथा आवश्यक कागजात/अभिश्रव प्राप्त करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया। पूरी प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कर मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने NHAI को गोविन्दचक क्षेत्र में अविलंब निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का भी निर्देश दिया। दरियापुर अंचल में भी शेष रैयतों के भुगतान हेतु अंचलाधिकारी को मापी, नोटिस तामिला एवं अभिश्रव प्राप्त कर भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त दीघा सेतु पुल संपर्क पथ के तीन पिलर के समीप संरचना हटाकर परियोजना का संपर्क स्थापित किया जाना है। इसके लिए संपर्क पथ पर यातायात डायवर्शन आवश्यक होगा। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को समुचित ट्रैफिक प्लान तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि दीघा पुल पर लगभग एक किलोमीटर डायवर्शन के अनुसार सुदृढ़ यातायात व्यवस्था संचालित की जा सके।

