EMI बकाया पर बैंक कर्मी पर धमकी देने का आरोप, थाना में शिकायत
सारण (बिहार) | 13 फरवरी 2026
मांझी थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव निवासी अनीश कुमार सिंह ने बैंक कर्मियों पर धमकी और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनीश कुमार सिंह ने फरवरी 2025 में Bharat Financial Inclusion Limited (इंडसइंड बैंक समूह) से व्यवसाय ऋण लिया था। उनका कहना है कि 4 फरवरी 2026 तक वे सभी किस्त (EMI) समय पर जमा करते रहे। लेकिन अगस्त 2025 में उनकी दुकान में चोरी हो गई थी, जिसका केस संख्या 354/25 दर्ज है। इस घटना के बाद उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 11 फरवरी 2026 की किस्त आर्थिक तंगी के कारण जमा नहीं हो सकी। आरोप है कि बैंक कर्मचारी मुकेश कुमार ने फोन कर दबाव बनाया और उसी दिन शाम करीब 5:30 बजे दुकान पर पहुंचकर हंगामा किया। इसके बाद 12 फरवरी को पुनः आकर रात में घर पहुंचने की धमकी दी। जब अनीश कुमार ने भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों का हवाला देते हुए रात में घर आने पर आपत्ति जताई तो कथित रूप से कर्मचारी ने कहा कि “मेरा अलग नियम है।”
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने 1 सितंबर 2025 को चोरी की FIR की प्रति बैंक को सौंप दी थी। साथ ही ऋण पर बीमा होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
इस संबंध में मांझी थाना में आवेदन देकर संबंधित बैंक कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। थाना पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है।

