महाशिवरात्रि को लेकर लगा डीजे व भड़काऊ नारों पर प्रतिबंध
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को मांझी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी सौरभ अभिषेक ने की।
सीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शिव बारात निकालने वाली सभी समितियों को पूर्व में थाना में आवेदन देकर अनुमति लेना अनिवार्य होगा। जुलूस के दौरान डीजे, अश्लील गीतों तथा भड़काऊ नारों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में रूट चार्ट, समय-सारिणी, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था को लेकर संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों एवं मोबाइल पेट्रोलिंग का सहारा लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में उमाशंकर ओझा, अख्तर अली, संजीत साह, भोली खान सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित थे।

