राष्ट्रीय महिला दिवस
KGBV की छात्राओं का एनीमिया जांच शिविर, दो हज़ार से अधिक किशोरियों की हुई स्वास्थ्य जांच
जिले की हर बेटी को स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाना मुख्य उद्देश्य: डीएमसी
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: हमारा उद्देश्य हर बेटी को स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाना है। क्योंकि शरीर में खून की कमी, पोषण की आवश्यकता और संतुलित खान- पान बेहद आवश्यक होती। उक्त बातें जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र (डीएचईडब्ल्यू) सारण की जिला मिशन समन्वयक निभा कुमारी ने गड़खा प्रखंड अंतर्गत भैंसमारा गांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) में किशोरियों के लिए विशेष एनीमिया जांच एवं स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान कही। उन्होंने यह भी कहा कि किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है। यदि इस समय बेटियों के स्वास्थ्य पर ध्यान दिया जाए तो वह शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बन सकती हैं। क्योंकि एनीमिया जैसी समस्या जागरूकता और संतुलित आहार से दूर की जा सकती है। किशोरियों में व्यापक रूप से फैले एनीमिया के प्रति जागरूकता फैलाना, समय पर जांच सुनिश्चित करना तथा आवश्यक उपचार और पोषण संबंधी सलाह उपलब्ध कराना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डन करिश्मा कुमारी ने कहा कि राष्ट्रीय महिला दिवस- 2026 के अवसर पर स्थानीय कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) में किशोरियों के लिए विशेष एनीमिया जांच एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। हालांकि ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि प्रत्येक किशोरी की समय- समय पर स्वास्थ्य जांच हो सके और किसी भी बीमारी का प्रारंभिक अवस्था में ही पता चल सके। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में गड़खा स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम के द्वारा छात्राओं की रक्त जांच करने के अलावा सभी तरह का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। शिविर के दौरान छात्राओं को आयरन, फोलिक एसिड तथा अन्य आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं। इस अभियान के तहत लगभग 2000 से अधिक छात्राओं एवं महिलाओं की एनीमिया जांच की गई।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग की ओर से DGC डॉ. कुमारी मेनका, डीएचईडब्ल्यू के वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ सत्येंद्र कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ सुजाता श्री, चिकित्सक डॉ. विकास कुमार, डॉ. सुजीत कुमार, एएनएम एवं विद्यालय की शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

