सिसवन रेफरल अस्पताल पर आशा कार्यकर्ताओं का धरना, बकाया प्रोत्साहन राशि भुगतान की मांग
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड स्थित रेफरल अस्पताल परिसर में आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल के दौरान धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पिछले छह माह से उनका प्रोत्साहन राशि (इंसेंटिव) बकाया है तथा सरकार द्वारा घोषित मानदेय वृद्धि का लाभ अब तक उन्हें प्राप्त नहीं हुआ है।
धरना में शामिल आशा कार्यकर्ता चंद्रवती देवी, मौसमी देवी, सीमा देवी, निर्मला देवी एवं उर्मिला देवी ने बताया कि वे कई वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, जनजागरूकता एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, बावजूद इसके उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है।
आशा कार्यकर्ताओं ने सरकार से लंबित प्रोत्साहन राशि का शीघ्र भुगतान करने, बढ़े हुए मानदेय को लागू करने तथा अन्य लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरना के दौरान अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए सामान्य गतिविधियां प्रभावित रहीं। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

