सारण में आर्केस्ट्रा पर छापेमारी, 15 नाबालिग लड़कियां मुक्त; 7 संचालक गिरफ्तार
सारण (बिहार) | 13 फरवरी 2026
वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर रिविलगंज एवं कोपा थाना क्षेत्र में विभिन्न आर्केस्ट्रा संचालनों पर छापेमारी कर 15 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया है। इस कार्रवाई में 7 आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, माननीय प्रियंक कानूनगो, सदस्य राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के पत्र के आलोक में विशेष अभियान चलाया गया। महिला थाना पुलिस टीम द्वारा विधिवत घेराबंदी कर छापेमारी की गई। मुक्त कराई गई 15 नाबालिग लड़कियों में उत्तर प्रदेश की 1, असम की 1, पंजाब की 4, पश्चिम बंगाल की 4, बिहार की 3 तथा ओडिशा की 2 लड़कियां शामिल हैं। इस संबंध में महिला थाना कांड संख्या 11/26, दिनांक 12.02.2026 दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में दीपक कुमार यादव (बलडिहा, थाना कोपा), हरिशंकर मांझी (सम्हौता, थाना कोपा), संजीत कुमार मांझी (पोखरभिंडा, थाना कोपा), गोविन्द कुमार यादव (बलूआटोला, थाना कोपा), संदीप यादव (रिविलगंज), विनय ठाकुर (गौरी मठिया, थाना रिविलगंज) तथा मोहित कुमार (मेथवलिया, थाना रिविलगंज) शामिल हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के अनुसार, मई 2024 से अबतक जिले में विशेष अभियान चलाकर कुल 316 लड़कियों को अनैतिक देह व्यापार से मुक्त कराया गया है। इस दौरान 39 कांड दर्ज करते हुए 105 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। शेष फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
इस अभियान में महिला थाना पुलिस, एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट), मिशन मुक्ति फाउंडेशन, रेस्क्यू फाउंडेशन (दिल्ली), नारायणी सेवा संस्थान (सारण) एवं रेस्क्यू एंड रिलीफ फाउंडेशन (पश्चिम बंगाल) की टीम शामिल रही।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मानव तस्करी और नाबालिगों के शोषण के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

