मेहंदार महोत्सव 2026 का भव्य आगाज़ आज, दीपक ठाकुर व स्नेहा उपाध्याय बिखेरेंगे सुरों का जादू
सिवान (बिहार): सूबे के पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार की संध्या मेहंदार महोत्सव 2026 का भव्य उद्घाटन किया जाएगा। अपराह्न 5:00 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
महोत्सव में प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार दीपक ठाकुर तथा चर्चित गायिका स्नेहा उपाध्याय मुख्य आकर्षण होंगे। दीपक ठाकुर ने ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ और ‘मुक्काबाज’ जैसी चर्चित फिल्मों में अपनी आवाज दी है, जबकि स्नेहा उपाध्याय को वर्ष 2021 में ग्रीन सिनेमा अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। इनके अतिरिक्त कई नामचीन कलाकार भी मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जिससे कार्यक्रम में विविधता और भव्यता देखने को मिलेगी।
महोत्सव की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर भव्य पंडाल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है तथा अधिकारियों द्वारा लगातार स्थल निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। सुरक्षा, यातायात, प्रकाश व्यवस्था एवं दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफल हो सके।
मेहंदार महोत्सव 2026 को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

