जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, गोलीकांड सहित दो एफआईआर, दोनों पक्षों के 6 आरोपी गिरफ्तार
सारण (बिहार): गरखा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। दिनभर चले घटनाक्रम में पहले मारपीट और फिर गोली चलने की घटना सामने आई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है और अब तक दोनों पक्षों के कुल छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 12:25 बजे गरखा थाना को सूचना मिली कि जगदीशपुर गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई है। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल के बयान के आधार पर गरखा थाना कांड संख्या 986/25 दर्ज की गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इसी विवाद ने शाम होते-होते और गंभीर मोड़ ले लिया। शाम लगभग 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पहले घायल पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। गोली लगने से व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे परिजनों द्वारा सदर अस्पताल, छपरा में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर एवं गरखा थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में एक व्यक्ति को गोली लगने की पुष्टि हुई। पीड़ित के फर्दबयान के आधार पर गरखा थाना कांड संख्या 987/25 दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस दोनों घटनाओं के हर पहलू की गहन जांच कर रही है।
अब तक पुलिस ने दोनों पक्षों से तीन-तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में संलिप्त किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और विधि-व्यवस्था नियंत्रण में बताई जा रही है।

