मांझी: पुलिस सिपाही की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत, गांव में छाया मातम
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के नटवर परशुराम गांव निवासी चन्देश्वर सिंह के पुत्र एवं झारखंड पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात उपेन्द्र कुमार सिंह (38 वर्ष) की शुक्रवार की देर रात रांची के धुर्वा क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
उपेन्द्र कुमार सिंह जमशेदपुर में पदस्थापित प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज के बॉडीगार्ड के रूप में कार्यरत थे। घटना की जानकारी जमशेदपुर में पदस्थापित झारखंड पुलिस के एएसआई एवं मांझी के ही धर्मपुरा गांव निवासी रंजीत सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में उपेन्द्र के साथ झारखंड पुलिस के दो अन्य जवानों तथा कार चालक की भी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि झारखंड दिवस के अवसर पर रांची में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज को न्यायिक अतिथिगृह में छोड़ने के बाद उपेन्द्र अपने साथियों के साथ रात्रि विश्राम के लिए लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार धुर्वा क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पास के एक गहरे डैम में जा गिरी। कार का दरवाजा बंद होने के कारण चारों लोग बाहर नहीं निकल सके और पानी में डूबने व दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर शनिवार सुबह एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और पानी में डूबी कार को बाहर निकाला। कार में फंसे चारों शवों को कठिन प्रयास के बाद बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए रांची जिला अस्पताल भेजा गया।
सूचना मिलते ही नटवर परशुराम गांव में कोहराम मच गया। परिवार और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर रांची से मांझी के लिए रवाना हो चुके हैं।
मृतक अपने पीछे पत्नी और छह व दस वर्ष के दो छोटे पुत्रों को छोड़ गए हैं, जो जमशेदपुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उपेन्द्र का स्वभाव बेहद मिलनसार था और गांव के सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय सहभागिता रहती थी। उनके निधन से गांव के लोगों ने एक समर्पित और नेकदिल युवक को खो दिया है।
मांझी सड़क दुर्घटना, झारखंड पुलिस सिपाही मौत, उपेन्द्र कुमार सिंह हादसा, रांची धुर्वा डैम दुर्घटना, नटवर परशुराम गांव दुखद समाचार
#Manjhi #Saran #JharkhandPolice #RanchiAccident #Dhruva #CrimeNews #BiharNews #Chapra

