वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर हत्याकांड की जांच तेज, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: माँझी नगर पंचायत के वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर हत्याकांड मामले में शनिवार को सारण रेंज के डीआईजी नीलेश कुमार ने घटनास्थल का भौतिक सत्यापन किया तथा पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। इस दौरान मृतक के परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर समुचित सहयोग नहीं मिलने की शिकायत डीआईजी से की।
घटनास्थल पर मौजूद एसडीपीओ राज कुमार, एकमा सर्किल इंस्पेक्टर किरण शंकर तथा थानाध्यक्ष बिनोद कुमार को डीआईजी ने मामले में फरार नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में आरोपियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज करने को कहा।
बताया जाता है कि बीते 24 अप्रैल की रात हुई मारपीट की घटना में आरोपियों ने वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर समेत कुल तीन लोगों पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए छपरा ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया था।
डीआईजी के दौरे के दौरान पुलिस अधिकारियों ने अब तक की कार्रवाई की जानकारी दी। वहीं परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग दोहराई। पुलिस प्रशासन ने मामले में त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

