सरयू नदी हादसे के पीड़ित परिवार से मिले विधायक रणधीर सिंह, रामघाट पर SDRF तैनाती का दिया आश्वासन
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी के विधायक रणधीर सिंह शनिवार को माँझी नगर पंचायत के दुर्गापुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने बीते पांच मई को सरयू नदी में डूबने से मृत इंटर के छात्र रौशन कुमार के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। विधायक ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए राज्य सरकार द्वारा निर्धारित अनुग्रह राशि का भुगतान जल्द कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की विभिन्न समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। ग्रामीणों की मांग पर विधायक रणधीर सिंह ने लगभग 25 लाख रुपये की लागत से गांव के मुहाने पर प्रवेश द्वार निर्माण कराने तथा दुर्गापुर प्राथमिक विद्यालय भवन (बालक) का शीघ्र निर्माण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश भी दिया।
मौके पर मृतक छात्र के पिता प्रेम सिंह, राकेश कुमार सिंह, मनोरंजन कुमार सिंह तथा वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजन कुमार सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। विधायक के आगमन पर ग्रामीणों ने नदी घाटों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई।
इसके बाद विधायक धनी छपरा गांव पहुंचे, जहां पैक्स अध्यक्ष बीरेन्द्र सिंह के आवास पर आयोजित बैठक में स्थानीय लोगों से मुलाकात की। ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने माँझी के प्रसिद्ध रामघाट पर SDRF टीम की स्थायी प्रतिनियुक्ति कराने का आश्वासन दिया, ताकि नदी में होने वाली दुर्घटनाओं पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि उमाशंकर ओझा, नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि बिट्टू राय, लोजपा नेता मुन्ना सिंह, पैक्स अध्यक्ष नागेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र कुमार सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, उमेश सिंह, अमित कुमार सिंह तथा सत्य प्रकाश सिंह समेत दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

