सिवान जिले के विभिन्न प्रखंडों में जनता दरबार का आयोजन, जमीनी विवादों का निपटारा
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): जिले के कई प्रखंडों में शनिवार को थाना व अंचल कार्यालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जमीन से संबंधित विवादों पर सुनवाई कर आपसी सहमति से कई मामलों का निपटारा किया गया।
मैरवा थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में जमीन से जुड़े चार मामलों पर सुनवाई की गई। मौके पर अंचलाधिकारी उपस्थित रहे और दोनों पक्षों की सहमति से विवादों का समाधान कराया। आपसी सहमति से निपटारे के बाद उपस्थित लोगों ने राहत की सांस ली और अंचलाधिकारी के प्रयासों की सराहना की।
इसी तरह सिसवन प्रखंड के सिसवन अंचल कार्यालय में भी जनता दरबार आयोजित हुआ। अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं और आपसी सहमति बनवाकर विवादों का समाधान किया। अंचल कर्मियों ने बताया कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों को एक ही मंच पर उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है। इस पहल को लेकर लोगों ने अंचलाधिकारी के प्रयासों की सराहना की।
वहीं रघुनाथपुर प्रखंड के रघुनाथपुर थाना परिसर में भी भूमि विवाद निपटाने के लिए जनता दरबार लगाया गया। इस दौरान अंचलाधिकारी ने विवादित पक्षों की बात सुनी और आपसी सहमति से मामलों का निपटारा किया। जनता दरबार के माध्यम से समाधान होने से क्षेत्र में शांति और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
इन आयोजनों से आम जनता को त्वरित न्याय और विवाद निपटाने का अवसर मिला, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली।