सावन के शुक्रवार को मेंहदार के बाबा महेन्द्र नाथ धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब!
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड स्थित ऐतिहासिक बाबा महेन्द्र नाथ धाम में सावन महीने के शुक्रवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में आए भक्तों ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की और अपने आराध्य से सुख-शांति व मंगलमयी जीवन की कामना की।
श्रावण मास के प्रत्येक शुक्रवार को इस मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का आयोजन किया जाता है। मंदिर प्रांगण में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। अनुमान है कि इस अवसर पर करीब 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा महेन्द्र नाथ का दर्शन किया और जल चढ़ाकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। भक्तों का मानना है कि सावन में बाबा भोलेनाथ की पूजा विशेष फलदायी होती है और इससे जीवन के कष्ट दूर होते हैं।
इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ख्याल रखते हुए पानी, प्राथमिक चिकित्सा, कतार व्यवस्था और सुरक्षा जैसे प्रबंध किए गए थे। स्थानीय समिति और मंदिर प्रशासन की सक्रियता के चलते पूजन का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। चारों ओर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।