सिसवन प्रखंड में आयोजित हुआ प्रखंड स्तरीय जनता दरबार, लोगों की समस्याओं का किया गया समाधान
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचल कार्यालय में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और त्वरित समाधान की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का मूल उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनना और उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है ताकि लोगों को उच्च कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
दरबार में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, मापी, राजस्व पर्चा त्रुटि, आवास योजना, वृद्धा पेंशन, और जाति-आवासीय प्रमाण पत्र जैसी कई समस्याएं सामने आईं। अधिकारियों ने मौके पर ही कई मामलों का निष्पादन किया और बाकी पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
अंचलाधिकारी ने यह भी कहा कि भविष्य में जनता दरबार को और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि लोगों को सरकारी व्यवस्था पर भरोसा बना रहे और उन्हें राहत मिल सके।