सिसवन के चैनपुर में आठ लाख की लागत से बने कक्षा कक्ष का हुआ उद्घाटन!
जिप सदस्य ब्रजेश कुमार सिंह ने फीता काटकर किया लोकार्पण
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के चैनपुर स्थित सहायता प्राप्त मध्य विद्यालय में पंद्रहवीं वित्त योजना (ऑनटाइड मद) के अंतर्गत लगभग आठ लाख रुपये की लागत से बने एक नये कक्षा कक्ष का उद्घाटन शुक्रवार को जिला परिषद सदस्य ब्रजेश कुमार सिंह ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा सामाजिक विकास का मूल आधार है और बच्चों को बेहतर वातावरण में पढ़ाई की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं की संख्या अधिक होने के कारण अतिरिक्त कक्षा कक्ष की आवश्यकता थी, जिसे अभिभावकों और प्रधानाध्यापक ने कई बार उठाया था। उनकी मांग पर यह निर्माण कार्य कराया गया।
कमरा मिलने पर अभिभावकों ने खुशी जताई और जिप सदस्य के प्रति आभार प्रकट किया।
इस मौके पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मेनू कुमारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुदामा प्रसाद, शिक्षक राजेश यादव, डॉ. बिजेंद्र ठाकुर, विनय तिवारी, अशोक सिंह समेत कई शिक्षक व ग्रामीण उपस्थित थे।