सिसवन में विशेष कैंप का आयोजन, मतदाता सूची के सुधार और नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के अंबेडकर सभागार में मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के बाद एक दिवसीय विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार, सिसवन अंचल अधिकारी पंकज कुमार सहित कई बीएलओ मौजूद रहे। कैंप का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना रहा।
प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरणों में सुधार के लिए लोग दावा और आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। साथ ही नए मतदाता भी निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। दस्तावेजों की सूची भी साझा की गई ताकि नागरिक आसानी से आवश्यक प्रमाणपत्र प्रस्तुत कर अपने विवरण में सुधार करवा सकें। बीएलओ की मौजूदगी मे ही आवेदनों की जांच कर त्वरित कार्रवाई की गई।
लोगों से अपील की गई कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और यदि कोई त्रुटि हो तो उसे सुधारने हेतु आवश्यक आवेदन अवश्य दें। अधिकारियों ने बताया कि यह विशेष कैंप मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत होंगी।