माँझी थाना परिसर में लगा जनता दरबार,भूमि सम्बन्धी विवादों को लेकर उमड़े फरियादी
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: माँझी के सीओ सौरभ अभिषेक तथा पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में शनिवार को आयोजित दर्जनों लोगों की समस्याएं सुनी गईं तथा अनुपस्थित पक्षकारों को नोटिस भेजा गया।
माँझी थाना परिसर में सरकारी निर्देश के तहत जनता दरबार का आयोजन किया गया। भूमि से जुड़ी समस्याओं को लेकर फरियादी सुबह ग्यारह बजे से ही थाना परिसर पहुंचने लगे थे। दोपहर बाद सीओ के जनता दरबार में पहुंचने के बाद पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति में फरियाद सुनने की प्रक्रिया शुरू हुई। बड़ी संख्या में लोग अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर दरबार में पहुंचे थे। कोई अपनी फरियाद सुना रहा था तो कोई अपनी बारी का इंतजार करता नजर आया। पुलिस पदाधिकारी लोगों को समझा-बुझाकर मामलों का निष्पादन कर रहे थे। वहीं जिन मामलों में संबंधित पक्ष उपस्थित नहीं थे उन्हें नोटिस भेजा जा रहा था। शाम तक चले जनता दरबार में दर्जनों फरियादियों के मामले का निष्पादन किया गया।