सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑपरेशन "नया सवेरा" के तहत 9 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया, 3 गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले में बिहार पुलिस द्वारा संचालित ऑपरेशन "नया सवेरा" के तहत आज एक बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रियंक कानूनगो के निर्देश पर सहाजितपुर और बनियापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अहले सुबह छापेमारी कर आर्केस्ट्रा में जबरन नृत्य करवाई जा रही 9 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया। इस कार्रवाई में दो महिला संचालिकाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मुक्त कराई गई लड़कियों में पश्चिम बंगाल की 4, उत्तर प्रदेश की 1, बिहार की 2 और नेपाल की 2 नाबालिग शामिल हैं। यह छापेमारी महिला थाना द्वारा गठित विशेष टीम ने मिशन मुक्ति फाउंडेशन, रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली, नारायणी सेवा संस्थान सारण और पश्चिम बंगाल की रेस्क्यू एंड रिलीफ फाउंडेशन के सहयोग से की।
गिरफ्तार अभियुक्तों में एक पुरुष — रौशन कुमार कर्ण (पिता: दिनेश लाल कर्ण, थाना: सहाजितपुर, जिला: सारण) — तथा दो महिला संचालिकाएं शामिल हैं। इस मामले में महिला थाना में कांड संख्या 68/25 दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।
सारण पुलिस ने बताया कि मई 2024 से अब तक जिले में कुल 203 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया जा चुका है, और इस दौरान 25 मामले दर्ज कर 72 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। शेष फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि राज्य के पुलिस मुख्यालय से 31 जुलाई से 14 अगस्त तक "नया सवेरा" अभियान चलाने का निर्देश मिला है, जिसका उद्देश्य मानव तस्करी और अनैतिक देह व्यापार की रोकथाम है।
सारण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "आवाज दो" अभियान के तहत महिलाओं के शोषण के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि आपके आसपास किसी महिला या लड़की के साथ कोई शोषण या तस्करी जैसी घटना हो रही हो, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर संपर्क करें।