वट सावित्री व्रत को लेकर महिलाओं में दिखा उत्साह, पति की लंबी उम्र के लिए की पूजा-अर्चना!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को वट सावित्री व्रत को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया। विवाहित महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र, स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए पूरे श्रद्धा भाव से उपवास रखा और विधिवत पूजा-अर्चना की।
ज्येष्ठ अमावस्या को मनाया जाने वाला यह पर्व लोक आस्था और पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते का प्रतीक है। इस मौके पर महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर वट वृक्ष के नीचे एकत्रित हुईं। उन्होंने वट वृक्ष की पूजा कर सावित्री-सत्यवान की कथा का श्रवण किया।
कथा के अनुसार, सावित्री ने अपने तप और प्रेम से अपने मृत पति सत्यवान को यमराज से वापस पाया था। उसी परंपरा को निभाते हुए व्रती महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा करते हुए धागा बांधा और अखंड सौभाग्य की कामना की।
पूरे दिन व्रत रखने के बाद शाम को महिलाओं ने विधिपूर्वक पूजा संपन्न की। स्थानीय धार्मिक स्थलों और वट वृक्ष के आसपास आस्था का माहौल देखने को मिला।