बाल श्रम उन्मूलन को लेकर श्रम विभाग की छापेमारी, चार बच्चे विमुक्त, दुकानदारों में मचा हड़कंप!
सारण (बिहार): जिला पदाधिकारी, सारण के निर्देशानुसार मंगलवार को श्रम संसाधन विभाग द्वारा बाल श्रम उन्मूलन एवं किशोर श्रम विनियमन के उद्देश्य से एक विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान सदर प्रखंड के मूसेपुर चौक, बिशनपुर बाजार एवं डोरीगंज बाजार में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान डोरीगंज बाजार स्थित बाल गोपाल स्वीट्स, चार्ट कॉर्नर और बंगाली स्वीट्स में छापेमारी की गई, जहाँ से चार नाबालिग बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया।
इस विशेष छापेमारी दल में शामिल थे:
अभिषेक कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, सदर
मुन्ना कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, गरखा
अशोक कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, परसा
प्रीतपाल सिंह, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, मकेर
पूजा कुमारी, पुलिस पदाधिकारी, डोरीगंज थाना
छापेमारी के बाद विमुक्त किए गए चारों बच्चों को बाल कल्याण समिति, सारण, छपरा के समक्ष सुपुर्द किया गया है। साथ ही संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
इस अभियान की सघनता के चलते डोरीगंज बाजार, बिशनपुरा बाजार एवं मूसेपुर चौक के दुकानदारों में खलबली मच गई और उन्हें स्पष्ट संदेश दिया गया कि किसी भी स्थिति में बाल या किशोर श्रमिकों से कार्य न कराया जाए।