उप मुखिया कमलेश यादव को गोली मारकर गम्भीर रूप से जख्मी कर दिए जाने के मामले में FIR दर्ज, 6 नामजद अभियुक्त!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: रविवार की देर शाम मुबारकपुर पँचायत के उप मुखिया कमलेश यादव को गोली मारकर गम्भीर रूप से जख्मी कर दिए जाने के मामले में माँझी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गम्भीर रूप से जख्मी होकर पटना में इलाजरत उप मुखिया के भतीजा अंकित कुमार द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में मुबारकपुर पँचायत के मुखियापति विजय यादव एवम उनके भाई अजय यादव समेत कुल छह लोगों को नामजद किया गया है। नामजद अन्य आरोपियों में संजय यादव, रंजन यादव, मनीष कुमार एवम राहुल यादव शामिल हैं।
दर्ज प्राथमिकी में अंकित कुमार ने कहा है कि मुबारकपुर पँचायत अंतर्गत कोडर गाँव में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौटते समय बगही टोला के समीप तीन बाइक पर सवार आधा दर्जन नामजद आरोपियों नें उनके चाचा व उप मुखिया कमलेश यादव ने घेर कर रोक लिया तथा उसी में से किसी ने उन्हें गोली मार दी जिससे वे जख्मी होकर गिर पड़े। बाद में गोली लगने की सूचना पाकर वे लोग घटना स्थल पर पहुँचें तथा उनको गाड़ी पर लादकर एकमा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए जहाँ से उन्हें पहले छपरा सदर अस्पताल तथा फिर पटना रेफर कर दिया गया। प्राथमिकी में यह कहा गया है कि जख्मी उप मुखिया की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। प्रशिक्षु आईपीएस सह थानाध्यक्ष संकेत कुमार ने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है। बताते चलें कि उक्त मामले का मुख्य आरोपी व मुखियापति विजय यादव एक अन्य हत्याकाण्ड मामले में अभी हाल ही में छपरा कारा से जमानत पर छूटकर घर आया है। उधर अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि उक्त मामले के एक अन्य नामजद आरोपी मनीष कुमार यादव तथा राहुल यादव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। शेष चार नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है।